मनोरंजन करने वाला व्यक्तित्व

ESFP-A / ESFP-T

“मनोरंजन करने वाला” व्यक्तित्व

मैं स्वार्थी हूँ, अधीर हूँ, और थोड़ा-सा असुरक्षित महसूस करता हूँ। मैं गलतियां करता हूँ, अपना आपा खो देता हूँ, और कभी-कभी मुझे संभालना मुश्किल हो जाता है। लेकिन अगर आप मेरे सबसे बुरे बर्ताव को नहीं सँभाल सकते तो आप मेरे सबसे अच्छे बर्ताव के हकदार भी नहीं हो सकते।

Marilyn Monroe

यदि कोई ऐसा व्यक्ति है जो सहज तरीके से नाचने व गाने लग जाता है तो बेशक यह मनोरंजक व्यक्तित्व ही है। मनोरंजक व्यक्ति वर्तमान समय की उत्तेजना में लीन हो जाते हैं और चाहते हैं कि दूसरे लोग भी उनकी इस भावना को प्रतिबिंबित करें। जब दूसरों को प्रोत्साहित करने की बात आती है तो दूसरा कोई भी व्यक्तित्व प्रकार अपने समय व ऊर्जा को लेकर इतना उदार नहीं होता जितना कि मनोरंजक व्यक्तित्व, और दूसरा कोई व्यक्तित्व यह कार्य इतनी अथक शैली से नहीं करता है जितना कि मनोरंजक व्यक्तित्व।

“मनोरंजन करने वाला” व्यक्तित्व (ESFP-A / ESFP-T)

हम, हम सब, सितारे ही तो हैं...

पैदाइशी मनोरंजक, मनोरंजकों को आकर्षण का केंद्र बने रहना अच्छा लगता है, परन्तु यह सारी दुनिया भी तो एक रंगमंच है। मनोरंजक व्यक्तित्व के बहुत से प्रसिद्ध लोग वाकई में अभिनेता होते हैं, परंतु ये अपने मित्रों के लिए भी कार्यक्रम प्रस्तुत करने में रुचि रखते हैं, निराले और सहज हास्य के साथ गपशप करते हुए, ये लोग सबके आकर्षण का केंद्र बनने का आनंद लेते हुए हर भ्रमण को एक पार्टी का रूप दे देते हैं। पूर्ण रूप से सामाजिक, मनोरंजक व्यक्ति सरल चीज़ों से आनंद प्राप्त करते हैं और उनके लिए अपने जिगरी दोस्तों के साथ समय बिताने से बेहतर मजेदार चीज़ और कुछ नहीं है।

वे केवल बातें ही नहीं करते – मनोरंजकों में किसी भी व्यक्तित्व प्रकार से कहीं ज़्यादा सौंदर्य बोध होता है। सजने-सँवरने और पोशाकों से लेकर साज़ो-सामान से लैस घर तक, मनोरंजकों को फैशन की बहुत अच्छी जानकारी होती है। किसी आकर्षक चीज़ को देखकर वे तुरंत भाँप लेते हैं कि यह चीज़ सबका मन मोह लेगी, मनोरंजक अपनी व्यक्तिगत शैली को दर्शाने के लिए अपने आसपास के माहौल को बदलने से झिझकते नहीं। मनोरंजक प्राकृतिक रूप से जिज्ञासु होते हैं, इसी कारण वे सहजता से नए डिज़ाइन और शैली का पता लगाते रहते हैं।

यद्यपि ऐसा शायद हमेशा प्रतीत न हो, मनोरंजक यह बात जानते हैं कि इस दुनिया में उनके अलावा दूसरे लोग भी मौजूद हैं – वे चौकस होते हैं, और दूसरों की भावनाओं के प्रति बहुत संवेदनशील होते हैं। मनोरंजक व्यक्तित्व के लोग अक्सर सबसे पहले किसी को अपनी बातचीत द्वारा ख़ुशी-ख़ुशी भावनात्मक सहारा और व्यावहारिक सुझाव देकर किसी चुनौतीपूर्ण समस्या का समाधान ढूँढने में मदद करते हैं। हालाँकि, यदि समस्या का संबंध उनसे है तो इस बात की अधिक संभावना है कि मनोरंजक व्यक्ति उसका डटकर मुकाबला करने के बजाय संघर्ष को पूरी तरह से टाल जाएँ। मनोरंजक व्यक्तित्व के लोगों को अक्सर थोड़ा नाटक और जोश अच्छा लगता है, परन्तु उस समय इतना नहीं जब इसके कारण उनके ख़ुद के आलोचनाओं का केंद्र बिंदु बनने की संभावना हो।

... और चमकना हमारा अधिकार है

मनोरंजकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि वे अक्सर निकटतम खुशियों पर इतना ध्यान केंद्रित कर देते हैं कि वे उन कर्तव्यों व दायित्वों को निभाना भूल जाते हैं जिनके कारण उनको ऐशो-आराम की वस्तुएँ प्राप्त होती हैं। मनोरंजक व्यक्तित्व के लोगों के लिए जटिल विश्लेषण, दोहराव कार्य, और वास्तविक परिणाम के लिए आंकड़े मिलाना कोई आसान काम नहीं है। इसके बजाए वे अपने भाग्य या सुअवसर पर भरोसा करना पसंद करते हैं अथवा फिर सरलता से अपने विशाल दोस्तों की मंडली से मदद माँग लेते हैं। मनोरंजकों के लिए यह ज़रूरी होता है कि वे अपने आपको चुनौती देकर दीर्घकालिक चीज़ें जैसे सेवानिवृत्ति योजना या चीनी के सेवन पर ध्यान दें – आखिर उनके पास हमेशा ऐसा कोई रहने वाला नहीं होता जो इन बातों का ध्यान रखेगा।

मनोरंजक व्यक्तित्व के इंसानों को मूल्य और गुणवत्ता का ज्ञान होता है जोकि अपने में ही एक श्रेष्ठ विशेषता है। हालांकि, बुरे आयोजक होने की प्रवृत्ति के साथ मिलकर, यह उन्हें अपनी आय से ज़्यादा खर्च करने का कारण भी बन सकता है और इसी कारण, क्रेडिट कार्ड्स इनके लिए काफी हानिकारक होते हैं। दीर्घकालिक लक्ष्यों के बारे में योजना बनाने के बजाए, अवसरों को हथियाने में ज़्यादा ध्यान देने वाले मनोरंजकों को यह लग सकता है कि उनकी बेपरवाही ने कुछ कार्यो को उनके लिए बहुत महंगा बना दिया है।

मनोरंजकों का स्वागत वहाँ हमेशा होता है जहां हंसी, शोखी, और एक ऐसे स्वयंसेवक की ज़रूरत होती है, जो कि कुछ नया और मज़ेदार करने के लिए उत्सुक हो – और मनोरंजक व्यक्तित्व के लोगों को दूसरों को मौजमस्ती में शामिल करने से ज़्यादा ख़ुशी किसी और चीज़ में नहीं मिलती। मनोरंजक घंटों बातें कर सकते हैं, कभी-कभी ऐसे विषय पर भी जिसके बारे में उन्होंने पहले से तय नहीं किया हो, और इसी तरह वे अपने प्रियजनों के अच्छे व बुरे समय में उनकी भावनाओं को बांटते रहते हैं। यदि वे अपने जीवन को सुव्यवस्थित रखना याद रखने में सक्षम हों तो वे हमेशा अपने दोस्तों को अपने साथ लेते हुए, दुनिया में मौजूद सभी रोमांचक चीज़ों का आनंद उठाने के लिए तैयार रहेंगे।

मनोरंजक जिनसे शायद आप परिचित हैं